सुंदरनगर, 31 मार्च : मंडी जिला के उपमंडल सुंदरनगर की नालग पंचायत के धार गांव के किडनी फेलियर से जूझ रहे (28) कर्म सिंह की सहायता के लिए हाथ बढ़ने शुरू हो गए हैं। इसके तहत बुुुधवार को सुकेेत व्यापार मंडल के संयोजक और समाजसेवी सुरेश कौशल ने पीड़ित कर्म सिंह को अपनी ओर से 10 हजार रुपए की राहत राशि का चेक भेंट किया गया।
इस मौके पर सुरेश कौशल ने समाज के अन्य वर्गों से भी कर्म सिंह की सहायता करने की अपील की है। वहीं इस मामले को समाजसेवी एवं अधिवक्ता जितेंद्र शर्मा के द्वारा उठाने के बाद लोगों के द्वारा कर्म सिंह की सहायता की जा रही है।
बता दें कि सुंदरनगर की नालग पंचायत के धार गांव के किडनी फेलियर से जूझ रहे (28) कर्म सिंह पुत्र कृष्ण चंद्र की दोनों किडनी खराब हो चुकी है। व्यक्ति की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए लगभग 15 लाख रुपए की जरूरत है। कर्म सिंह के पास आय का कोई भी साधन नहीं है, कर्म सिंह अपना इलाज करवाने में पूरी तरह से असमर्थ है। घर पर (26) पत्नी सहित उनकी अढ़ाई साल की बच्ची भी है। कर्म सिंह की माता उन्हें किडनी देने के लिए तैयार है, लेकिन किडनी ट्रांसप्लांट के लिए उन्हें भारी-भरकम राशि की जरूरत है।