मंडी, 27 मार्च : नगर निगम मंडी के चुनावों के लिए भाजपा ने मंडी शहर के खलियार वार्ड में पार्टी का चुनावी कार्यालय खोल दिया है। पार्टी के चुनावी कार्यालय का शुभारंभ द्रंग से भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर ने किया। चुनावों से संबंधित सभी गतिविधियों का संचालन पार्टी के इसी कार्यालय से किया जाएगा।
उन्होंने मंडी शहर को नगर निगम बनने पर शहर वासियों को बधाई दी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि द्रंग क्षेत्र की बिजनी पंचायत भी नगर निगम में शामिल की गई है। नगर निगम बनने से शहर के साथ लगते इस ग्रामीण क्षेत्र के विकास में अब गति आएगी और सरकार के माध्यम से यहां विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
मंडी नगर निगम पर भाजपा की जीत का दावा किया और लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की। इस मौके पर उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह, सराज के पूर्व मंडल अध्यक्ष शेर सिंह और मीडिया प्रभारी प्रशांत सहित अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे।