राजगढ़, 26 मार्च : सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की भूईरा पंचायत के बगोल गांव में करंट लगने से 39 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सराहां खंड के जयहर के रहने वाले चमन लाल के तौर पर की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक के ससुराल में अचानक ही फ्रिज से धुआं निकलने लगा। इस दौरान चमन लाल द्वारा फ्रिज का प्लग निकालने की कोशिश की गई। इस दौरान हाथ में जोरदार करंट का झटका लगा। हादसे में वो बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। तुरंत ही उसे राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक के दाएं हाथ व उंगली में करंट से जलने के निशान मिले हैं। इसके अलावा कोई भी चोट के निशान नहीं हैं। पुलिस को घर में बिजली का मीटर भी जला हुआ मिला है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 15 हजार की फौरी राहत मुहैया करवाई है।