बिलासपुर, 26 मार्च : जिला से हैंडबाल खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले हमीद खान ने बताया कि शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश में टेनिकोइट खेल का शुभारंभ होगा तथा प्रदेश के खिलाड़ियों को खेलों में अपना भविष्य उज्जवल करने के लिए नया मौका मिलेगा। इंटरनेशनल हैंडबाल खिलाड़ी तथा वर्तमान में सीआरपीएफ रांची में बतौर डिप्टी कमांडेट सेवाएं दे रहे। हमीद खान ने बताया कि बीते कल उन्होंने विशेष तौर पर राजस्थान जाकर टेनिकोइट खेल के राष्टीय महासचिव तेजराज सिंह से मुलाकात की तथा उन्हें हिमाचली टोपी, हार व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित करते हुए बधाई दी।
तेजराज सिंह स्वयं एक इंटरनेशनल लेवल के हैंडबाल खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने हमीदखान के साथ दर्जनों बार देश का प्रतिनिधित्व कर सम्मान हासिल किए हैं। वहीं हमीद खान ने बताया कि टेनिकोइट फेडरेशन ऑफ़ इंडिया में तेजराज सिंह को राष्ट्रीय महासचिव पद पर स्थान मिला है। जो उनके लिए और हिमाचल के लिए भी गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश में टेनिकोइट खेल की कार्यकारिणी का गठन होगा। तथा इसे लोकप्रियता के सांचे में ढालने के लिए ग्रामीण स्तर तक जागरूकता अभियान भी छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि टेनिकोइट खेल ओलंपिक में मान्यता प्राप्त खेल है। तथा इस खेल से जुड़कर हिमाचल प्रदेश में भी खेल कोटा का लाभ लिया जा सकता है।
हमीद खान ने बताया कि किसी भी अभाव में प्रतिभाएं दफन नहीं होनी चाहिए। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उभारने के लिए वे सदैव प्रयास रहते हैं। उन्होंने कहा कि टेनिकोइट खेल ऐसा खेल है। जिसमें खर्च न के बराबर है और एक छोटे से मैदान में यह खेल खेला जाता है। यह खेल सिंगल और डबल दोनों फॉर्मेट में खेला जाता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से लोकप्रिय हुए इस खेल का भारत में विस्तार तीव्रता से हो रहा है। हमीद खान ने बताया तेजराज सिंह एक ईमानदार और निष्ठावान खिलाड़ी हैं। इसलिए टेनिकोइट का भविष्य का सुनहरा दिख रहा है।
हमीद खान ने उन्हें ढेरों शुभकामनाओ देते हुए कहा कि खेलों के प्रति साकारात्मक सोच रखने वाले तथा प्रतिभावान खिलाडियों के लिए संघर्ष रहने वाले तेज राज सिंह का राष्टीय महासचिव बनना खेल जगत के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है। उन्होंने कहा कि हैंडबाल के बाद टेनिकोइट दूसरा ऐसा खेल होगा जिसमें खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र, प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे।