हरिपुरधार/ सुरेन्द्र चौहान
सोमवार को चूड़धार में बर्फबारी हुई है। गिरिपार क्षेत्र में रात से ही झमाझम बारिश हो रही है। क्षेत्र में करीब 2 महीने बाद बारिश हुई है। चूड़धार में बर्फबारी होने के कारण समूचा क्षेत्र शीत लहर की चपेट में आ गया है।
क्षेत्र के तापमान में 6 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार की हरिपुरधार का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शनिवार को हरिपुरधार का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
चूड़धार में दिन का अधिकतम तापमान 1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि वहाँ का न्यूनतम तापमान माईनस 2 डिग्री तक पहुंच गया। लंबे समय के बाद बारिश होने से क्षेत्र के किसानों व बागबानों ने राहत की सांसें प्रदान की है। लम्बे समय से बारिश न होने के कारण क्षेत्र में सूखे का संकट पैदा हो गया था।
किसानो की लहसुन, गेहूँ जौ व सरसो आदि फसले सूखे की चपेट में आने से पीली पड़ने लगी थी। लहसुन की करीब 25 फीसदी से अधिक फसल बारिश न होने से कारण नष्ट हो गई थी। किसान इस बारिश को लहसुन की फसल के लिए संजीवनी मान रहे है अन्य फसलों के लिए भी इस बारिश को काफी लाभदायक माना जा रहा है।
आलू की फसल की बिजाई के लिए किसान लम्बे समय से आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रहे थे। बारिश होने के बाद अब आलू की बिजाई का कार्य शुरू कर पाएंगे। बागवानी के लिए भी यह बारिश काफी फायदेमंद मानी जा रही है।