ऊना, 20 मार्च : पुलिस थाना अंब के तहत घेबट बेहड़ में एक 32 वर्षीय व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के चलते जहरीला पदार्थ निगल कर जान दे दी। मृतक का शव उसके गांव के पास एक खड्ड में मिला। मृतक की पहचान सुरिंदर पुत्र पंजू राम निवासी घेबट बेहड़ के रूप में हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि सुरिंदर का पत्नी के साथ कुछ विवाद चल रहा था। तीन-चार दिन पहले वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ ससुराल गया था, लेकिन जब वापस घर आने की बात आई तो पत्नी ने आने से इंकार कर दिया। उसके बाद वह अकेला ही अपने बच्चों को साथ घर आ गया। इसी परेशानी में वह शुक्रवार दोपहर बाद से घर से गायब था।
देर शाम को किसी ने उसे गांव से थोड़ी दूर चंगौली-टिब्बी खड्ड के किनारे मृत पड़े देखा। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। उधर, डीएसपी सृष्टि पांडे ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। वहीं मृतक के स्वजनों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।