कुल्लू, 17 मार्च : जिला पुलिस ने चिट्टा सप्लाई के आरोप में दो नाइजीरियन को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों को लिंक जिला की भुंतर पुलिस द्वारा पकड़े गए एक चिट्टे के मामले में पाया गया था और पुलिस ने जांच के दौरान दोनों नाइजीरिया की संलिप्तता पाई थी। जिसके चलते पुलिस की टीम ने दिल्ली जाकर उनके ठिकानों पर दबिश दी और दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। साथ में उनके पास से 46.44 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया।
एसपी गौरव सिंह ने बताया कि दोनों के पास पासपोर्ट वीजा भी नहीं है और इनमें से एक के पास जाली पासपोर्ट और वीजा भी बरामद किया गया है, जिसके चलते विदेशी अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने सबसे पहले 27 फरवरी को दो लोगों को 3.6 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था और उसके बाद उनमें से एक जमानत पर बाहर निकल गया था। बाहर निकलते ही व्यक्ति ने फिर से चिट्टे का कारोबार शुरू कर दिया। उसके बाद अपनी महिला दोस्त के साथ मिलकर दिल्ली से 14 ग्राम चिट्टा लेकर आ रहे थे, कि दोनों को भुुंतर पुलिस ने 13 मार्च को पकड़ लिया।
उसके बाद छानबीन में दिल्ली में दो विदेशी नागरिकों की पहचान चिट्टा सप्लायर के रूप में की थी। जिसके चलते पुलिस ने अब इन दोनों को भी गिरफ्तार कर कुल्लू लाया है और कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।