धर्मशाला, 01 मार्च : हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस ने अपनी रफ्तार फिर बढ़ा दी है। कांगड़ा जिला में सोमवार को कोरोना के 108 पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हुई। कांगड़ा के मुख्यालय धर्मशाला के सिद्धबाड़ी स्थित ग्यूतो बौद्ध मठ में कोरोना का बड़ा विस्फोट हुआ है।
यहां संक्रमण के एक साथ 99 कोरोना मामले पाए जाने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई। बौद्ध मठ में गत गुरुवार को कोरोना के पॉजिटिव मामले आने शुरू हुए थे और आज लगातार पांचवे दिन यहां कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई। अब तक 160 तिब्बती बौद्ध भिक्षु कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
सोमवार को 99 बौद्ध भिक्षु कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना मामले बढ़ने पर प्रशासन ने इस क्षेत्र को आगामी 10 मार्च तक केंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। ऐसे में यहां किसी भी व्यक्ति के आने जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इस बीच कांगड़ा जिला में संक्रमितों का आंकड़ा 8565 पंहुच गया है। इनमें सक्रिय मामलों की संख्या 219 पंहुच गई है। कांगड़ा में कोरोना से अब तक 207 लोगों की जान गई है।