शिमला, 25 फरवरी : नगर निगम शिमला का वर्ष 2021-2022 का बजट गुरुवार को पेश कर दिया गया है। महापौर सत्या कौंडल ने भाजपा शासित नगर निगम का चौथा और अपने कार्यकाल के दूसरा बजट प्रस्तुत किया। इस बार कुल 222 करोड़ का बजट है। बाद में सर्वसम्मति से बजट को पारित भी कर दिया गया। पिछले साल नगर निगम का 225 करोड़ का बजट पेश हुआ था।
चौंकाने वाली बात यह है कि इस बार के बजट में नगर निगम शिमला ने शहरवासियों पर बोझ लाद दिया है। नगर निगम ने जहां विद्युत सैसल प्रति युनिट 10 पैसे से बढ़ाकर 20 पैसे किया है, वहीं अब ऑनलाइन से शॉपिंग की हर डिलीवरी पर भी 5 रुपए लिए जाएंगे। विद्युत सैस बढ़ाने से नगर निगम को करीब 1.75 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय होगी।
इसी तरह शराब की बोतल पर लगने वाले टैक्स को दो रुपए से बढ़ाकर पांच रुपए कर दिया गया है। इससे नगर निगम को दो करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय होगी। इसके अलावा नगर निगम अब अचल संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन पर भी स्टैंप डयूटी लगाएगा। इससे नगर निगम को हर साल करीब 1 करोड़ रुपए की आय होगी।
मेयर सत्या कौंडल ने बताया कि नगर निगम की वित्तीय हालात संतोष जनक नहीं है। कोरोना महामारी से नगर निगम की आर्थिकि स्थिति पर व्यापक असर हुआ है। इसके चलते पिछले वित्तीय वर्षो की तुलना में अबकी बार सीमित आय हुई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए शहर की प्रबुद्ध जनता से सुझाव मांगे गए थे।