शिमला, 23 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में नगर निगम के चुनाव पार्टी चिन्हों पर होंगे। धर्मशाला नगर निगम के अलावा तीन नए नगर निगमों मंडी, पालमपुर और सोलन में अप्रैल माह में निगम चुनाव होने हैं। प्रदेश कैबिनेट ने इन सभी नगर निगमों में पार्टी चिन्हों पर चुनाव करवाने का मंगलवार को फैसला लिया गया। बैठक में 2500 के करीब एसएमसी शिक्षकों को अगले एक वर्ष तक सेवा विस्तार देने को मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि केबिनेट ने नगर निगमों में वर्ष 2016 के पूर्व की स्थिति को बहाल किया गया है। इसके लिए एचपी एमसी एक्ट और एमसी इलेक्शन रुलज़ के कुछ प्रावधानों के संशोधन को केबिनेट ने आज मंजूरी प्रदान की। इसके तहत राजनीतिक दल अपने सिम्बलों पर नगर निगम चुनाव लड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने राज्य के पांच नगर निगमों में मेयर के पद पर ओबीसी,एससी व महिला का आरक्षण रोस्टर लागू करने का भी निर्णय लिया है। कहा कि पार्टियों की गरिमा बने रखने के लिए एंटी डिफेक्शन एक्ट के नियम में भी संशोधन को स्वीकृति दी।
भारद्वाज ने कहा कि राज्य के 5 नगर निगमों में आयुक्त के पद के लिए आईएएस व एचएएस की नियुक्तियों के लिए नए प्रावधानों को मंजूरी दी गई। अब आईएएस अधिकारी 7 साल की सेवा और एचएएस अधिकारी 9 साल के सेवाकाल के बाद नगर निगम में आयुक्त नियुक्त किये जा सकेंगे।