हमीरपुर, 23 फरवरी : भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू सैन्य संचालन के नए महानिदेशक के रूप में कार्यभार संभालेंगे, जबकि लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र प्रताप पांडे लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू की जगह भारतीय सेना की सबसे प्रतिष्ठित श्रीनगर स्थित XV कोर की कमान संभालेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र प्रताप पांडे हमीरपुर के टौणी देवी तहसील के सिकांदर पंचायत के निवासी कर्नल पंजाब सिंह के दामाद हैं।
कर्नल पंजाब सिंह को 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध में बेहतर शौर्य प्रदर्शन के कारण वीर चक्र से सम्मानित किया जा चुका है। इस बारे में कर्नल पंजाब सिंह ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र प्रताप पांडे गोरखपुर के निवासी हैं और उनके दामाद हैं। लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र प्रताप पांडे को XV कोर, जिसे चिनार कोर भी कहा जाता है की कमान दी गई है। चिनार कोर ने आज तक पाकिस्तान और चीन के साथ सभी सैन्य संघर्षों में भाग लिया है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से संबंधित लेफ्टिनेंट जनरल पांडे को दिसंबर 1985 में द सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट में नियुक्त किया गया और वह पुणे में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला और भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के पूर्व छात्र हैं। वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय दिल्ली में राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज से एम फिल, राष्ट्रीय युद्ध कॉलेज से राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति में एमएससी, राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय वाशिंगटन डीसी से स्नातक की डिग्री हासिल की है।
उन्होंने कश्मीर घाटी में एक राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर और एक काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स की भी कमान संभाली है। वह अप्रेशन VIJAY (कारगिल) के दौरान हाई एल्टीट्यूड एरिया में ब्रिगेड के राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के प्रशिक्षक और सहायक प्रशिक्षक रहे हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल पांडे को उनकी 35 वर्षों की लंबी सेवा के दौरान कई अन्य पुरस्कारों के अलावा अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से अलंकृत किया गया है।