शिमला/नाहन, 22 फरवरी : विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा में हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप का मान बढ़ा है। इसकी वजह ई विस्तारक योजना बनी है। दरअसल पार्टी में हिमाचल की एकमात्र प्रदेश है, जहां भाजपा ने ई-विस्तारक योजना को शुरू किया है। पार्टी की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे, लेकिन पार्टी नेताओं के संबोधन के दौरान पीएम नहीं थे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा संगठन मंत्री बीएल संतोष ने विशेष तौर पर हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष का संबोधन सुना। लाजमी तौर पर आपके जहन में ये सवाल उठ रहा होगा कि भाजपा की ई-विस्तारक योजना है क्या। दरअसल, पार्टी ने पन्ना प्रमुख, बूथ प्रमुख व सक्रिय कार्यकर्ताओं के अलावा की वोटर्स का डाटा बैंक तैयार कर लिया है। इसमें 2 लाख 40 हजार लोग जुड़ चुके हैं। देश में भाजपा ऐसा किसी अन्य राज्य में अब तक नहीं कर पाई है। यही कारण था कि हिमाचल के माॅडल को प्रस्तुति का मौका भी हासिल हुआ।
रविवार को देश की राजधानी में आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के बारे में एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए बीजेपी अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि इस बैठक में ई विस्तारक योजना की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरे देश को दिखाया गया। उन्होंने बताया कि यह हिमाचल के लिए गौरव की बात है कि राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल के माॅडल की जमकर तारीफ की जा रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जो बूथ की रचना की गई है, वो अपने आप में भाजपा की मजबूती को दिखाता है।
भाजपा ने पन्ना प्रमुख का कार्य 5 साल पहले शुरू किया था। आज हिमाचल प्रदेश भाजपा इकाई ने सभी पन्ना प्रमुखों व बूथ त्रिदेव का सत्यापन इलैक्ट्रिोनिक्स के माध्यम से किया है। इसे धरातल पर उतारने के लिए लाखों कार्यकर्ताओं का योगदान रहा है। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि आज भाजपा के पास 7792 बूथ पर त्रिदेव की संख्या 23,376 हो चुकी है, जिनका इलैक्ट्रोनिक्स सत्यापन भी हो चुका है। इसके अलावा पन्ना प्रमुखों की संख्या 1,92,318 है।
अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दिशा-निर्देशानुसार भाजपा बूथ पर पन्ना कमेटी का गठन करेगी, ताकि 2022 के चुनाव में सशक्त रूप से कार्य किया जा सके। आने वाले समय में भाजपा प्रदेश की सत्ता में दोबारा काबिज होगी।