मंडी, 22 फरवरी : सीएम जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के व्यापार मंडल से आहवान किया है कि वे पूर्ण राज्यत्व के स्वर्णिम 50 वर्षों के उपलक्ष पर एक सम्मेलन का आयोजन करें, जिसके माध्यम से 50 वर्षों के दौरान व्यापार के क्षेत्र के बारे में लोगों को जानकारी दी जाए। यह आहवान उन्होंने आज मंडी में हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारियों द्वारा आयोजित समारोह के दौरान किया।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के विकास में व्यापारी वर्ग का भी अहम योगदान रहा है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। 50 वर्ष पहले व्यापार किन चुनौतियों के साथ होता था और 50 वर्षों के दौरान किस तरह से इस क्षेत्र में प्रगति हुई है, इन सभी बातों को उस सम्मेलन के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने कहा कि आज शिक्षित युवा व्यापार के क्षेत्र में आगे आ रहे हैं लेकिन भावी युवा पीढ़ी को व्यापारी वर्ग के इतिहास के बारे में जानकारी होना भी जरूरी है।
इस मौके पर व्यापारियों ने अपनी मांगे भी सीएम के समक्ष रखी और उनके समाधान की गुहार लगाई। व्यापारियों की प्रमुख मांग है कि जीएसटी का सरलीकरण किया जाए और इसमें आए दिन जो बदलाव किए जा रहे हैं उनपर रोक लगाई जाए। वहीं जीएसटी में व्यापारी की संपत्ति को अटैच करने के प्रावधान को भी समाप्त किया जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने सहानुभूति पूर्वक तरीके से विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यापार मंडल को शिमला आने को कहा, जहां पर बैठकर इस समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।
इससे पहले सीएम जयराम ठाकुर ने मंडी रियासत के राज परिवार के मुखिया के निधन पर उनके घर जाकर शोक व्यक्त किया। वहीं इसके बाद सीएम ने क्लस्टर यूनिवर्सिटी मंडी के लोगो का भी विधिवत रूप से विमोचन किया।