सोलन, 22 फरवरी : खाकी के खिलाफ दुर्व्यवहार व बदसलूकी का आरोप लगा है। एएसपी ने इस मामले की जांच एसएचओ रविंद्र कुमार को सौंपी है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पुलिस कर्मचारियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया है। जब उसका दोस्त इसका वीडियो बना रहा था तो पुलिस कर्मचारियों ने उसके साथ भी धक्कामुक्की की।
शिकायतकर्ता अंकुश कुमार ने एसपी को इस संबंध में शिकायत दी है। इसमें आरोप लगाया है कि वह अपने दोस्त के साथ सुबह के समय सोलन से स्लोगड़ा अपनी पत्नी को लेने जा रहा था, जब वह सोलन बाईपास की तरफ से चंबाघाट पहुंचा तो पुलिस कर्मचारियों ने उसे रोका और पुलिस कर्मचारी ने उसके वाहन की चाबी निकाल दी।
आरोप है कि चाबी निकालने के बाद पुलिस कर्मचारी द्वारा उसके साथ जोर से चिल्ला कर बात की गई। पुलिस कर्मचारी द्वारा मौके पर उसे वाहन के कागज मांगे गए। मौके पर इसने अपने दोस्त को घटनाक्रम का वीडियो बनाने के लिए कहा, लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने वीडियो बना रहे दोस्त के साथ छीना झपटी कर फोन को छीनने की कोशिश की। साथ ही दुर्व्यवहार किया गया। एक अन्य पुलिस कर्मचारी को बुलाकर चालान करवाया गया। घटनाक्रम के बाद मौके से पुलिस कर्मचारी चले गए।
इस पूरे मामले की शिकायत एएसपी अशोक वर्मा से की गई। वहीं दूसरी ओर पुलिस कर्मचारियों का कहना है कि इस व्यक्ति को नाके पर रुकने का इशारा किया गया था, लेकिन वो आगे चला गया। इसके बाद इसे पुलिस कर्मचारियों ने रोका, लेकिन यह व्यक्ति पुलिस से उलझ गया। वहीं मामले की सच्चाई जानने के लिए एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की जांच सदर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार को सौंप दी है।