मंडी, 20 फरवरी : सीएम जयराम ठाकुर के गृहक्षेत्र सराज के कल्हणी के पास बड़े हादसे की जानकारी आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार एक चलती पिकअप पर पहाड़ी गिरी है।
अंतिम जानकारी के मुताबिक मलबे से 11 लोगों को तुरंत रेस्क्यू कर लिया गया था। इसमें से चार ने दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आशंका जाहिर की जा रही है कि 4 से 6 लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। मंडी सीएमओ डॉ देवेंद्र शर्मा 3 लोगो मौत की पुष्टि की है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा कल्हणी के साथ लगते बनोटी के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि स्थानीय देवता कहीं मेहमानवाजी में गए हुए थे और उनके साथ देवलु भी इसमें शामिल होने के लिए गए हुए थे। मेहमानवाजी से वापिस लौटते वक्त देवता के रथ वाली गाड़ी आगे निकल गई और उसके पीछे चल रही एक अन्य पिकअप पर पहाड़ी से मलबा आ गिरा।
बताया जा रहा है कि मलबा बहुत भारी मात्रा में आया है। पिकअप पर मलबा गिरने के बाद काफी नीचे तक चली गई। स्थानीय लोगों को जैसे ही घटना की सूचना मिली तो उन्होंने अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिनमे से 3 की मौत हो चुकी है। जबकि अन्य को जोनल हॉस्पिटल मंडी रैफर कर दिया गया है।
एएसपी मंडी आशीष शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्गम क्षेत्र होने के चलते अभी पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई है और पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।