ऊना, 20 फरवरी : एक ही ग्राउंड में सेना भर्ती के लिए प्रशिक्षण ले रहे दो निजी अकादमियों के लड़के व लड़कियों के बीच लाठी व डंडों के साथ मारपीट हो गई। दोनों गुटों में हुई इस मारपीट को लेकर सोशल मीडिया पर दो वीडियो क्लिप भी काफी वायरल हो रहे है।
मामला उपमंडल अम्ब के बेहड़ जसवां (चक्क) गांव में सेना की भर्ती के लिए प्रशिक्षण ले रहे दो निजी अकादमियों के लड़के व लड़कियों के बीच लात-घूंसों और लाठी-डंडों के साथ मारपीट का है। दोनों गुटों में हुई इस मारपीट को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लड़के व लड़कियां डंडों से एक दूसरे के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मामला सुबह का बताया जा रहा है जब लड़कियों का एक ग्रुप मैदान में दौड़ लगा रहा था तो वहां पर दूसरी अकादमी के एक लड़के ने उन पर फब्तियां कसीं, इस पर गुस्साई लड़कियों की उन लड़कों के साथ कहासुनी हो गई। उस समय मामला शांत होने पर लड़कियां वहां से चलीं गई। लेकिन लड़कियां दोबारा फिर फ़िल्मी स्टाइल में हाथों में लाठी, डंडे लेकर लौटीं और लड़कों के साथ भिड़ गईं। वहीं एसपी अर्जितसेन ठाकुर का कहना है कि वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन की है।