मंडी, 19 फरवरी : पूर्व मंत्री जीएस बाली द्वारा पिछले कल सीएम जयराम ठाकुर पर की गई टिप्पणी का मंडी जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह ने करारा जबाव दिया है। आज मंडी से जारी प्रेस बयान में रणवीर सिंह ने जीएस बाली और कौल सिंह ठाकुर को जनता द्वारा नकारे गए नेताओं की टोली के अघोषित मुखिया करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों में शर्मनाक हार का प्रभाव जीएस बाली और कौल सिंह ठाकुर के ऊपर अभी तक साफ नजर आ रहा है और वे मंडी में बैठकर बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी की हालत यह हो गई है कि उनके पास मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सामना करने के लिए कोई नेता नहीं बचा है और हारे व नकारे नेताओं को प्रदेश कांग्रेस द्वारा बली का बकरा बनाया जा रहा है जो इन नेताओं की दयनीय स्थिति को दर्शाता है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जिला मंडी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में एकजुट है और नगर निगम चुनावों के लिए तैयार है। कांग्रेस पार्टी की निम्न सोच व राजनीति के कारण ही मंडी के साथ हमेशा भेदभाव होता था जिसमें ठाकुर कौल सिंह जैसे नेता भी बराबर के दोषी रहें हैं, जिसका जवाब मंडी की जनता पिछले विधानसभा चुनावों में दे चुकी है। परन्तु अब स्थितियां बदल चुकी हैं और जिला मंडी जयराम ठाकुर जी के नेतृत्व में अब अभूतपूर्व विकास की ओर अग्रसर है।
जिलाध्यक्ष ने दावा करते हुए कहा कि मंडी नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और कांग्रेस मुक्त मंडी अभियान को जारी रखेगी। साथ ही जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनशक्ति तो पूरी तरह से भाजपा के साथ है परन्तु कांग्रेस पार्टी के नेताओं की शारीरिक भाषा एवं उनकी थकावट बताती है कि उनकी मनोशक्ति जवाब दे चुकी है।