पांवटा साहिब, 17 फरवरी : उपमंडल के रामपुरघाट में हिट एंड रन के मामले में शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान के 26 वर्षीय भतीजे अभिषेक चौहान पुत्र मोहन चौहान की दुखद मौत की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक शादी समारोह में हिस्सा लेने के बाद अपने गांव गोजर अडैण लौट रहा था। इसी दौरान हादसे का शिकार हुआ। प्रारंभिक जानकारी ये भी है कि मृतक युवक की बाइक की हैड लाइट टूटी हुई थी। हादसे के दौरान हैड इंजरी हुई। मौके पर वो अचेत अवस्था में मिला था। पांवटा साहिब अस्पताल में युवक को मृत घोषित कर दिया गया।
ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अज्ञात वाहन की टक्कर के कारण हादसा हुआ। हादसा बीती रात का है। बताया जा रहा है कि जब वो शादी समारोह से वापस घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग उसे तलाशने निकले। इस दौरान वो सड़क किनारे अचेत हालत में मिला। गौरतलब है कि परिवार मूलतः मस्तभोज के चियोग का रहने वाला है। जबकि गोजर अडौण में सैटल है।
उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे में युवक की मौत हुई है। सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।