मंडी, 16 फरवरी : छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर में आने वाले पर्यटक इस शहर को रोपवे पर सवार होकर निहार सकेंगे। इसके लिए राज्य सरकार मास्टर प्लान बना रही है जिसकी जल्द ही डीपीआर बनाकर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। यह जानकारी जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने आज मंडी में दी। बता दें कि जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर इन दिनों सीएम जयराम ठाकुर के निर्देश पर नवगठित नगर निगम मंडी के दौरे पर हैं। इस दौरान वह शहर के सभी 15 वार्डों में जाकर जनता से मिलकर उनकी समस्याओं को भी सुन रहे हैं और उनका समाधान भी कर रहे हैं।
वहीं महेंद्र सिंह ठाकुर मंडी शहर के विकास के लिए जनता के सुझाव भी ले रहे हैं। भ्यूली में जनता से मिलने के बाद मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत में महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार मंडी शहर में रोप-वे का निर्माण करवाने जा रही है। यह रोप-वे टारना माता मंदिर से हैलिपोर्ट और हैलिपोर्ट से ढांगसीधार के लिए बनेगा। इस रोप-वे से पूरी छोटी काशी को निहारा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही इसकी डीपीआर बनाकर उसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि नवगठित नगर निगम में राज्य सरकार हर सुविधा मुहैया करवाना चाहती है और इसी के चलते वह प्रत्येक वार्ड में जाकर वहां की जनता से मिलकर विकास से संबंधित सुझाव ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि जो ग्रामीण क्षेत्र नगर निगम में शामिल किए गए हैं वहां पर भी एक समान दृष्टि से विकास किया जाएगा। सड़क, पानी, रास्तों और लाईटों की जो मुलभूत सुविधाएं हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रदान किया जाएगा। पूरे शहर के लिए एक मास्टर प्लान बनाया जा रहा है जिसके बाद फिर शहर के विकास के लिए सरकार की तरफ से धन मुहैया करवाया जाएगा।
इस मौके पर महेंद्र सिंह ठाकुर ने जनता की समस्याएं भी सुनी और उनके समाधान भी किए। उनके साथ सदर मंडल भाजपा के अध्यक्ष मुनीष कपूर सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।