नाहन, 14 फरवरी : पच्छाद उपमंडल सराहां से त्रिलोकपुर के लिए 10 माह से बंद निगम की बस सेवा सोमवार से दोबारा शुरू हो जाएगी। यह जानकारी बनेठी पंचायत के उपप्रधान राजकुमार ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि एक प्रतिनिधि मंडल क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव बिष्ट से मिला। उन्होंने बस न चलने से औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत मजदूर तथा अन्य कर्मचारियों को आने-जाने में हो रही परेशानियों के बारे में बताया था।
यह बस अब सराहां से 6:30 बजे चलेगी, जोकि 8:00 बजे नाहन पहुंचेगी तथा 9:00 बजे कालाअंब से होकर त्रिलोकपुर पंहुच जाएगी। सायं में यह बस 6:00 बजे त्रिलोकपुर से, 7:15 बजे नाहन से होते हुए 8:30 सराहां पहुंचेगी।
राजकुमार ठाकुर ने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव बिष्ट ने उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए इस बस को पुन: सोमवार से चलाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। विदित रहे कि यह बस सराहां से वाया बनेठी, नाहन होते हुए औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से गुजरते हुए महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर तक जाती थी।
इस दौरान भारी संख्या में औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ त्रिलोकपुर मंदिर जाने वाले यात्री भी बस का उपयोग करते थे। मगर पिछले 10 माह से बंद होने के चलते क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा था।
बनेठी पंचायत के उपप्रधान राजकुमार ने लोगों से आग्रह किया कि वह सुबह 6:30 बजे सराहां से त्रिलोकपुर बस में सफर कर समय से अपने गंतव्य पर पहुंचे। उधर हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव बिष्ट ने बताया कि लोगों की मांग को देखते हुए सराहां-त्रिलोकपुर बस को सोमवार से पुन: शुरू किया जा रहा है।