मंडी, 11 फरवरी : नवगठित नगर निगम मंडी की सत्ता पर काबिज होने के लिए चुनावी दंगल शुरू हो गया है। हालांकि चुनावी शंखनाद मार्च महीने के आखिरी सप्ताह में होने की संभावना है। लेकिन भाजपा ने इस मामले में पहल करते हुए अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। भाजपा ने जिला के कद्दावर मंत्री एवं नेता महेंद्र सिंह ठाकुर को जिला नगर निगम के चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है। महेंद्र सिंह ठाकुर ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठकें करने के बाद पूरी रणनीति तैयार करके अपने योद्धाओं को चुनावी दंगल में उतार दिया है। सुंदरनगर से भाजपा विधायक राकेश जम्वाल ने वार्डों में जाकर बैठकें करके लोगों की नब्ज़ टटोलने का कार्य भी शुरू कर दिया है।
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस फिलहाल दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है। भाजपा के मुकाबले कांग्रेस की तैयारी नाम मात्र की भी नहीं दिखाई दे रही है। कांग्रेस नगर निगम चुनावों को लेकर कोई रणनीति नहीं बना पाई है। भाजपा के मुकाबले कांग्रेस भी किसी बड़े चेहरे को नगर निगम चुनावों के लिए सामने लाना चाहती है लेकिन यह चेहरा कौन होगा यह अभी तक तय नहीं हो पाया है। यही कारण है कि कांग्रेस की तैयारियां कहीं नजर ही नहीं आ रही हैं।
नगर निगम भाजपा के लिए साख का सवाल
जिला को हाल ही में नगर निगम का दर्जा मिला है और इस दर्जे को दिलाने में राज्य सरकार का अहम योगदान रहा है। लेकिन अब नगर निगम का चुनाव भाजपा के लिए साख का सवाल बन गया है क्योंकि प्रदेश में सरकार भाजपा की है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद मंडी जिला से हैं। ऐसे में सरकार नगर निगम पर कब्ज़ा जमाने में पूरा ऐढ़ी चोटी का जोर लगाने लग गई है।
हम चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार : रणवीर सिंह
भाजपा के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह का कहना है कि भाजपा नगर निगम चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। वार्ड स्तर पर बैठकों का दौर शुरू हो गया है जिसमें लोगों को भारी समर्थन मिल रहा है। नगर परिषद की तर्ज पर इस बार नगर निगम में भी भाजपा का ही परचम लहराएगा।
देरी की बात नहीं, हम जीत हासिल करेंगे : प्रकाश चौधरी
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी का कहना है कि भाजपा के मुकाबले हम ज्यादा पीछे नहीं है। किसान आंदोलन में दिए जा रहे योगदान के चलते कुछ देरी हुई है लेकिन हम यह दावे के साथ कह सकते हैं कि जब हम मैदान में उतरेंगे तो पूरे जोश के साथ उतरेंगे। जीत कांग्रेस पार्टी की ही होगी।