शिमला, 11 फरवरी : जिला परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने विजय पताका लहराया है। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की करीबी मानी जाने वाली और ऊपरी शिमला से कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रही त्यावल ज्यूरी से जीतकर आई चंद्र प्रभा नेगी जिला परिषद की अध्यक्ष चुनी गई हैं। इसी तरह कांग्रेस समर्थित सुरेंद्र रेटका उपाध्यक्ष के पद पर निर्वाचित हुए हैं।
24 सदस्यीय जिला परिषद शिमला में कांग्रेस के 12, भाजपा के 4, माकपा के 3 और निर्दलीय 5 सदस्य हैं। कांग्रेस को बहुमत के लिए 13 सदस्यीय चाहिए थे। जबकि कांग्रेस समर्थित चन्द्र प्रभा नेगी को 15 वोट मिले। भाजपा ने आजाद प्रत्याशी भारती को समर्थन देते हुए अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा जिन्हें 9 मतों से संतोष करना पड़ा। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के सुरेंद्र रेट को 17 जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी को 7 मत हासिल हुए।
अहम बात ये रही कि जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस को माकपा के 3 सदस्यों का भी समर्थन मिला। जबकि उपाध्यक्ष पर कांग्रेस को माकपा के अलावा दो निर्दलीय सदस्यों का समर्थन हासिल हुआ है।