चंबा, 11 फरवरी : उपमंडल चुराह के तहत एक पंचायत में महिला ने अपने पति के खिलाफ शादी से पहले गर्भपात करवाने की शिकायत दर्ज करवाई है। महिला की शिकायत पर फॉरेंसिक टीम धर्मशाला, डीएसपी सलूणी शेर सिंह की अगुवाई में डेढ़ माह पहले दफनाए गए बच्चे के शव (भ्रूण) को कब्र से निकाला गया।
नवजात बच्चे के शव का डीएनए चेक करने के लिए उसका पोस्ट मार्टम किया गया है। बच्चे के डीएनए को महिला के पति के डीएनए से मैच करके इस बात का पता लगाया जाएगा कि बच्चा महिला के पति का है या किसी ओर का है।
महिला ने पति पर आरोप लगाया है कि उसने शादी से पहले उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। जिससे वह गर्भवती हो गई। शादी करने से पहले उसके पति ने उसे गर्भपात करने का कहा। गर्भपात के बाद नवजात को दफना दिया। शादी के बाद जब उसका पति उसे प्रताड़ित करने लगा तो उसने तंग आकर अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने धर्मशाला से फॉरेंसिक टीम को बुलाकर प्रशासन की मौजूदगी में कब्र में दफनाए गए बच्चे को निकाला। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ आईपीसी की धारा 498A के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी सलूणी शेर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।