मंडी, 10 फ़रवरी : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा निर्देशों के चलते मंडी जिला में भी बुधवार को ब्लाक स्तर का धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह धरना प्रदर्शन दिल्ली में कृषि क़ानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में किया गया। इस दौरान मंडी जिला कांग्रेस के अध्यक्ष व सदर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शहर में मोदी सरकार के खिलाफ मंडी शहर में एक रैली निकाली। उपरांत इसके रैली जिला मुख्यालय के गेट के पास संपन्न हुई।
इस मौके पर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अतिरिक्त उपायुक्त मंडी जतिन लाल के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजा। भेजे गए ज्ञापन में कांग्रेस पार्टी ने मांग उठाई है कि देश व प्रदेश के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कानून को वापिस लिया जाए। इसके साथ ही किसान आंदोलन की आड़ में देश विरोधी गतिविधियां करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही की मांग उठाई है। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व में रहे मंत्री व जिला कांग्रेस पार्टी मंडी के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने कहा कि मोदी कहते हैं कि वे किसनों से एक कॉल की दूरी पर हैं लेकिन इसके विपरीत प्रधानमंत्री बीते लगभग 76 दिनों से आंदोलन कर रहे किसानों की बात को सुनकर भी अनसुना कर रहे हैं।
उन्होंनें कहा कि सरकार की इन्ही नीतियों के खिलाफ कांग्रेस आंदोलन कर रहे किसानों के साथ खड़ी है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने सरकार को चेताया है कि किसनों का आंदोलन चाहे जितने दिन चले कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के समर्थन में उनके साथ रहेगी। इस मौके पर सदर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश, प्रदेश सचिव देवेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता आकाश शर्मा, स्थाई सचिव लाभ सिंह, कांग्रेस नेत्री अलकनंदा हांडा व अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।