शिमला, 9 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में चार दिन पहले हुए भारी हिमपात के बाद से मौसम सुहावना बना हुआ है। राज्य में लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और सर्दी का असर कम होने के साथ साथ दोपहरी में तेज धूप सताने लगी है। मंगलवार को पिछले कई दिनों से ज्यादा तापमान रहा और दोपहर में लोगों को गर्मी का अहसास ज्यादा रहा। मैदानी इलाकों में तो दिन का पारा 27 डिग्री पहुंच गया। इसके अलावा रात के पारे में भी उछाल दर्ज किया जा रहा है। पहाड़ों की रानी शिमला की रातें तो मैदानी इलाकों से भी गर्म हो गई हैं। बर्फबारी के बाद से शिमला में मौसम सुहावना बना हुआ है और हर दिन पारे में उछाल दर्ज की जा रही है। चार दिन पहले हुए रिकार्ड दो फुट हिमपात की वजह से शिमला का पारा माइनस में पहुँच गया था। लेकिन रविवार की रात न्यूनतम तापमान बढ़कर 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जबकि शनिवार की रात शिमला में पारा 6.9 डिग्री सेल्सियस था।
दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में रात के तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। रविवार रात्रि हमीरपुर और ऊना में न्यूनतम तापमान 5.3, बिलासपुर में 5.5, सुंदरनगर में 4.4 कांगड़ा में 7, धर्मशाला में 6.6, मंडी में 4, नाहन में 9.1, पांवटा साहिब में 8 और जुब्बड़हट्टी में 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
जनजातीय क्षेत्र व लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलंग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम पारा -4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। इसके अलावा कल्पा में -0.8, मनाली में 3.4, सियोबाग में 3.5, नारकंडा में 5.3 और चायल में 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ौतरी हुई है। उन्होंने कहा कि शिमला व डल्हौजी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री तथा अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि आगामी 15 फरवरी तक राज्य में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में उछाल आने की संभावना है।