मंडी, 8 फरवरी : देश की राजधानी में नए कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों के साथ खड़ी है। इसी के चलते कांग्रेस ने ब्लॉक स्तर पर किसानों के समर्थन में धरने प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। जिसके चलते मंडी जिला कांग्रेस कमेटी 10 फरवरी को जिला के ब्लाकों में प्रदर्शन करेगी जबकि 20 फरवरी को जिला स्तर के प्रदर्शनों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी मंडी से कांग्रेस नेता, पूर्व में रहे मंत्री व कांग्रेस कमेटी मंडी के जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी।
प्रकाश चौधरी ने कहा कि देश के किसानों ने पहले भी आंदोलन किए है लेकिन देश के प्रधानमंत्री ने खुद किसानों की बात को सुना लेकिन वर्तमान में देश के प्रधानमंत्री ने कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों से बात करनी तो दूर उनकी मांगों को नहीं माना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेश से ही किसानों के हित के लिए उनके साथ खड़ी है। जिसके समर्थन में आने वाले समय में मंडी जिला में विभिन्न स्तरों पर धरने-प्रदर्शनों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रकाश चौधरी ने प्रदेश सरकार से 5 नगर निगमों में होने वाले चुनावों को पार्टी सिंबल पर करवाने की मांग उठाई है।
उन्होंने कहा कि इससे पता चल पाएगा की कौन प्रत्याशी किस पार्टी का है। वहीं इससे जीतने के बाद होने वाली अदला-बदली व खरीद फरोख्त पर भी विराम लगेगा। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस नेता चेत राम, जिला मीडिया प्रभारी गुरमुख सिंह नामधारी, स्थाई सचिव लाभ सिंह व कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।