कुल्लू, 6 फरवरी : बीडीसी आनी के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए शनिवार को हुए चुनाव में भाजपा का किला पूर्णतयः ढह गया। चुनाव के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम आनी चेतसिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुए चुनाव में पंचायत समिति आनी के कुल 15 सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
चुनाव की प्रक्रिया पूरे संवैधानिक तरीके से सम्पन्न करवाई गई। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी आशा ठाकुर को 15 सदस्यों में से 7 मत हासिल हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजय कंवर को 15 में से 8 मत हासिल हुए। चुनाव में इस प्रकार बीडीसी आनी के अध्यक्ष पद पर कॉंग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजय कंवर एक मत से विजयी हुईं। जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी पूर्ण शर्मा को 15 में से मात्र 6 मत और उनके प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी संदीप सैम को 9 मत हासिल हुए। चुनाव में संदीप सैम 3 मतों की लीड से बीडीसी आनी के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
बीडीसी आनी के अध्यक्ष पद पर इस प्रकार कांग्रेस का परचम और उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी का परचम लहराया। आनी में इस जीत सेे कांग्रेस को जहां काफी लंबे अरसे बाद, नई संजीवनी मिली है, वहीं भाजपा, प्रदेश व केंद्र में अपनी मजबूत सरकार होते हुए भी अपना किला, बचाने में नाकाम रही। इससे कहीं न कहीं इस चुनाव में भाजपा संगठन व सरकार की नाकामी सामने आई है। चुनावी प्रक्रिया में बीडीसी के कार्यकारी अधिकारी एवम बीडीओ आनी जीसी पाठक भी मौजूद रहे।
जीत के जश्न में डूबी आनी कांग्रेस
बीडीसी आनी के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का परचम लहराने और उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी की जीत होने की खुशी में आनी कांग्रेस कुनबा जीत के जश्न में डूबा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बीसीसी आनी के अध्यक्ष चंद्रकेश शर्मा के नेतृत्व में बीडीसी अध्यक्षा विजय कंवर और उपाध्यक्ष संदीप सैम को फूल मालाओं से लाद दिया और ढोल नगाड़ों की थाप पर पूरे आनी बाजार में कांग्रेस के झंडे उठाकर कांग्रेस जीत के नारे लगाते हुए, विजय रैली निकाली।