मंडी, 5 फरवरी : नशा माफिया के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान निरंतर जारी है। जिसके तहत पुलिस द्वारा नशा तश्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। शुक्रवार को पधर पुलिस ने दो व्यक्तियों के कब्ज़े से 2.556 ग्राम चरस बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार इनमें से एक आरोपी हाल ही में हुए पंचायती राज चुनावों में वार्ड सदस्य भी चुना गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार को पधर पुलिस टीम झटिंगरी से टिक्कन सड़क पर गश्त व चैकिंग कर रही थी। पुलिस टीम जब कुफरधार में मौजूद थी तो टिक्कन की तरफ से आई एक आल्टो कार (HP76-1017) को चेकिंग के लिए रोका गया तो, कार में सवार दोनों व्यक्ति घबरा गए, और पुलिस द्वारा गाड़ी की तलाशी लिए जाने पर पिठ्ठू बैग से यह चरस की खेप बरामद की गई। आरोपियों की पहचान राकेश कुमार उम्र 34 वर्ष गांव छोटी झरवाड़ व पवन कुमार उम्र 35 वर्ष गांव बजोटू तहसील पधर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों में से पवन कुमार ग्राम पंचायत धमचयांण बार्ड बजोंटू का वार्ड सदस्य भी बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की है, उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और रिमांड हासिल कर आगामी तफ्तीश की जाएगी।