शिमला, 5 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में मौसम खुलने के बावजूद शुक्रवार को दुश्वारियां बरकरार रहीं तथा पर्वतीय इलाकों में जनजीवन सामान्य नहीं हो पाया है। राज्य में लगातार दूसरे दिन सैंकड़ों सड़कें अवरुद्ध रही, वहीं हज़ारों विद्युत ट्रांसफार्मर के ठप पड़ जाने से कई इलाकों में बिजली गुल है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य में 2048 विद्युत ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। इस कारण अनेक क्षेत्रों में अंधेरा पसरा है। विद्युत आपूर्ति ठप्प होने से भीषण ठंड में लोगों को मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। शिमला जिला बर्फबारी से सर्वाधिक प्रभावित है।
इसके अलावा बर्फबारी की वजह से राज्य भर में 3 नेशनल हाइवे और 461 सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी हुई है। शिमला जिला में सर्वाधिक 144 सड़कें अवरुद्ध हैं। राजधानी के अंदरूनी मार्गों सहित अप्पर शिमला को जोड़ने वाली विभिन्न सड़कें शुक्रवार को भो वाधित रहीं तथा लोगों को पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। लाहौल-स्पीति जिला में 112, कुल्लू में 81, मंडी में 51, सिरमौर में 21, सोलन में 8 और चम्बा में 7 सड़कें बंद रहीं। लोक निर्माण विभाग के मजदूर इन सड़कों को बहाल करने की कवायद में जुटे हैं।
बर्फ ज्यादा होने के कारण इन सड़कों को बहाल करना मुश्किल हो रहा है। बर्फबारी के कारण लोक निर्माण विभाग को करोड़ों रुपए का नुक्सान हुआ है।
इस बीच प्रदेश में आगामी 12 फरवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन शर्मा ने बताया कि आने वाले एक हफ्ते तक बारिश व बर्फबारी के कोई आसार नहीं है। ऐसे में अब मौसम साफ रहेगा।