शिमला, 5 फरवरी : हिमाचल में बृहस्पतिवार को दिन भर हुई भारी बर्फबारी के बाद शुक्रवार को खिली धूप से मौसम सुहावना हो गया है। धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। राजधानी शिमला की बर्फ से ढकी वादियों का लुत्फ उठाने सैलानियों का उमड़ना शुरू हो गया है। शिमला शहर बर्फ की सफेद चादर में लिपटा हुआ है। यहां की सबसे ऊंची चोटी जाखू और ऐतिहासिक रिज मैदान व माल रोड सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मौसम खुलने से शिमला से जनजीवन के सामान्य होने की उम्मीद है। शिमला में बर्फबारी ने पिछले कई सालों के रिकार्ड ध्वस्त कर दिया। बृहस्पतिवार को शहर में 9 घंटों में 55 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। लंबे समय बाद इतनी मात्रा में क्षेत्र में बर्फ गिरी है।
भारी हिमपात से शिमला की अंदरूनी सड़कों के बंद होने से परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई जगह पेड़ों के धराशायी होने से आधे शिमला में बिजली भी गुल है। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति भी ठप है।
अप्पर शिमला का राज्य मुख्यालय से सम्पर्क कटा हुआ है। जिला व नगर निगम प्रशासन बंद सड़कों को बहाल करने का भरसक प्रयास कर रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों से रात को बर्फ हटा दी गई थी। लेकिन कोहरा पड़ने से बर्फ शीशे की मार्फ़त हो गई है। ऐसे में नगर निगम द्वारा बर्फ पर मिट्टी डाली जा रही है। अच्छी बात यह है कि सड़कों को बहाल करने में मौसम बाधा नहीं बनेगा, क्योंकि मौसम विभाग ने आगामी 10 फरवरी तक राज्य भर में मौसम के साफ रहने का अनुमान जताया है।