नाहन, 1 फरवरी : सिरमौर में भाजपा समर्थित जिला परिषद के 8 सदस्यों ने सोमवार को भी शपथ ग्रहण नहीं की। इसके अलावा भगानी वार्ड से निर्वाचित अंजना शर्मा भी नहीं पहुंची। शपथ के साथ-साथ चुनाव की बैठक सुबह 11 बजे से रखी गई थी। एक बजे तक सदस्यों का इंतजार किया गया। इसके बाद बैठक को 6 फरवरी सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया। 30 जनवरी को जिला परिषद के सदस्यों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम रखा गया था। इसमें कांग्रेस समर्थित 8 सदस्यों ने शपथ ले ली थी।
वहीं दावा किया था कि अस्वस्थ होने की वजह से भगानी वार्ड से निर्वाचित अंजना शर्मा नहीं पहुंच पाई हैं। अब 6 फरवरी को दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता नहीं होगी। साधारण बहुमत से भी चुनाव हो सकता है। संभावना जताई जा रही है कि 6 फरवरी को हर हाल में जिला परिषद का नया अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मिल सकता है। इतना तय है कि सदस्यों को शपथ ग्रहण करने के बाद ही मत का इस्तेमाल मिलेगा। कांग्रेस ने 9 सदस्यों के बहुमत के पत्ते उस समय खोले थे, जब नेताओं ने तस्वीर को शेयर किया था। भाजपा के खेमे से ऐसी तस्वीर अब तक सामने नहीं आई है।
रविवार को पांवटा साहिब के पूर्व विधायक करनेश जंग की भगानी वार्ड से जिला परिषद सदस्य अंजना शर्मा के घर की तस्वीर सामने आई थी। इसमें कहा गया था कि पूर्व विधायक उनके घर स्वास्थ्य का हाल पूछने गए थे। उधर, हालांकि कांग्रेस व भाजपा दोनों ने ही इस बात को लेकर भी पत्ते नहीं खोले हैं कि वो किसे अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का प्रत्याशी बना रहे हैं। लेकिन कांग्रेसी खेमे से नीलम शर्मा को अध्यक्ष पद के लिए उतारने की बात करीब-करीब तय मानी जा रही है। चर्चा इस बात की भी है कि एक नीति के तहत प्रशासन द्वारा चुनाव की दूसरी बैठक को सीधे ही पांच दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है।
उधर, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा ने कहा कि सुबह 11 बजे से 1 बजे के बीच कोई भी सदस्य शपथ लेने नहीं पहुंचा। इसी कारण बैठक को 6 फरवरी सुबह 11 बजे तक स्थगित किया गया है।