शिमला, 30 जनवरी : हिमाचल महिला आयोग की अध्यक्ष डेजी ठाकुर को 3 साल का सेवा विस्तार दिया गया है। उनका कार्यकाल 16 जनवरी 2021 को पूरा हो चुका है। प्रदेश सरकार ने अब उन्हें अगले तीन साल के लिए फिर से अपने पद पर बने रहने के आदेश जारी किए हैं। डेजी ठाकुर ने नगर परिषद परवाणु से पार्षद का चुनाव जीता है। इसके बाद डेजी ठाकुर की जगह किसी अन्य महिला नेत्री को आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन शनिवार को इन पर विराम लगाते हुए सरकार ने डेजी ठाकुर को 3 साल के लिए सेवा विस्तार दे दिया।
डेजी ठाकुर ने फिर से नियुक्ति मिलने पर प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों को जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उन्होंने सदा ही महिला हितों और महिला कल्याण की ओर पूरा ध्यान दिया है। डेजी ठाकुर ने कहा कि उन्हें फिर से इस पद पर नियुक्ति से साफ कि प्रदेश सरकार ने उनपर एक बार फिर विश्वास जताया है।
बता दें कि हाल ही के शहरी निकाय चुनाव में डेजी ठाकुर परवाणु नगर परिषद में पार्षद का चुनाव जीत गई थी। लेकिन भाजपा को बहुमत नहीं मिला। लिहाजा, हाॅट सीट नहीं मिल पाई। माना जा रहा है कि हाॅट सीट मिलने की सूरत में महिला आयोग की चेयरपर्सन के तौर पर कार्यकाल पूरा होने के बाद किसी अन्य महिला को पद दिया जा सकता था। अब चूंकि वो परवाणु नगर परिषद में अडजस्ट नहीं हुई है, संभवतः इसी कारण सेवा विस्तार दे दिया गया है।