रिकांगपिओ, 31 जनवरी : कल्पा पंचायत समिति पर भाजपा समर्थित सदस्यों को मिली बहुमत के बाद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद को लेकर पेंच फंस गया है। किसी एक पर आम सहमति बनाने को लेकर विश्राम गृह में भाजपा संगठन द्वारा बैठक बुलाई गई। जानकार बताते है कि अध्यक्ष पद को लेकर बैठक में सदस्यों के बीच किसी एक पर आम सहमति नहीं बन पाई।
भारतीय जनता पार्टी कल्पा मंडल अध्यक्ष परविंद्र नेगी की अध्यक्षता में हुए बैठक में कल्पा ब्लॉक पंचायत समिति के नवनिर्वाचित भाजपा समर्थित 8 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर आम सहमति बनाए जाने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में किन्नौर भाजपा संगठन के जिला महामंत्री यशवंत सिंह, उपाध्यक्ष दौलत नेगी, मीडिया प्रभारी सुशील मेहता, कल्पा मंडल महामंत्री सुभाष नेगी, चन्द्र नेगी, पूर्व जिला महामंत्री भूपेन्द्र नेगी सहित ग्राम स्तर के बूथ पालक भी उपस्थित थे।
भाजपा मीडिया प्रभारी सुशील मेहता ने बताया कि कल्पा पंचायत समिति के कुल 15 सदस्यों में से भाजपा समर्थित 8 सदस्य विजयी हुए है, जिन में कल्पा वार्ड से अभिनाश, पांगी से किशोर, कोठी से करुणा, रोघी से गंगा राम, बारंग से संगीता, सापनी से रेशमा, ब्रुआ से कल्पना, थेमगारंग से छेडोलमा भाजपा समर्थक है। उन्होंने बताया कि कल्पा पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद को लेकर बैठक जारी है। विचार विमर्श के बाद जल्द ही किसी एक पर आम सहमति बनाई जाएगी।