सराहां/तरुण खुराना, 29 जनवरी : विकास खंड पच्छाद के सराहां में अंतर्गत पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा हो गया है। पंचायत समिति के 15 वार्डो के सदस्यों ने शुक्रवार को सुरेंद्र नेहरू को पंचायत समिति का अध्यक्ष व राकेश ठाकुर को उपाध्यक्ष चुना है। इससे पूर्व एसडीएम पच्छाद शशांक गुप्ता ने सभी चुने हुए प्रतिनिधियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ करवाई।
अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के वर्तमान मंडल अध्यक्ष व बाग पशोग वार्ड से चुने हुए सदस्य सुरेंद्र नेहरू व बजगा वार्ड ममता ने नामांकन भरा। इस प्रक्रिया में सुरेंद्र नेहरू को 11 मत मिले, जबकि ममता को 4 मत मिले। इस प्रकार सुरेंद्र नेहरू को विजयी घोषित किया गया। वही राकेश ठाकुर निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। इससे पूर्व विकास खंड के अंतर्गत आने वाली सभी 34 पंचायतों के प्रधान व उप प्रधानों को भी पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
बता दें कि सराहां क्षेत्र प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप का गृह हलका है। गौरतलब हो कि पच्छाद बीडीसी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष भाजपा समर्थित बनाकर इस चुनाव में कमल का फूल खिला दिया है। इस मौके पर विशेष रूप से बीजेपी के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता सराहां पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया ओर अपने विचार रखे। इस अवसर पर पच्छाद की विधायिका रीना कश्यप ने भी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी ओर मतदाताओं का धन्यवाद किया।