शिमला, 28 जनवरी : हिमाचल के दो पुलिस थानों को देश के सर्वश्रेष्ठ 75 थानों में स्थान मिला है। हालांकि इनमें हिमाचल के अन्य जिलों का कोई थाना अपनी जगह नहीं बना पाया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2020 के लिए स्वतंत्र और विस्तृत सर्वे के बाद देश के 75 सर्वश्रेष्ठ पुलिस थानों का चयन किया है।
देश भर के 16,675 थानों के सर्वे में 75 थानों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें हिमाचल के दो पुलिस स्टेशन शामिल हैं। अहम बात ये है कि दोनों पुलिस स्टेशन राजधानी शिमला के हैं। इनमें छोटा शिमला और ढली पुलिस स्टेशन शामिल हैं। हिमाचल में शिमला का ढली थाना रैकिंग में अव्वल रहा है। शिमला पुलिस के लिये ये गौरवान्वित करने वाले पल हैं।
गौरतलब है कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा देश के विभिन्न राज्यों के 75 पुलिस स्टेशनों को एनसीआरबी (राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो) के आंकड़ों के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया गया। ढली और छोटा शिमला पुलिस थानों ने महिलाओं के खिलाफ अपराध, समाज के कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराध, सम्पति अपराध, गुमशुदा लोगों, अज्ञात लोगों और शवों की बरामदगी के मामलों में इन थानों ने बेहतरीन कार्य किया है।