चंबा, 24 जनवरी : खज्जियार पहुंचे करीब 70 पर्यटक भारी हिमपात के बीच लक्कड़मंडी मार्ग पर फंस गए। यह वाक्या शनिवार देर रात को प्रकाश में आया। मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम की ओर से स्थानीय पुलिस चौकी को आदेश दिए गए। इसके बाद करीब आठ घंटे के रेस्कयू के बाद पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया और होटल तक पहुंचाया गया। रविवार को मार्ग खुलने के बाद वे वापिस अपने घरों की ओर लौट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला में शनिवार देर शाम अचानक मौसम खराब हो गया। इसके चलते खज्जियार में घूमने आए पर्यटक बर्फबारी में अठखेलियां करने के लिए लक्कड़मंडी मार्ग की ओर चले गए। लेकिन अंधेरा होने के कारण पर्यटक रास्ता भटक गए। इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रेस्कयू कर पर्यटकों को होटल तक पहुंचाया।
एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस बारे सूचना मिली थी। कहा कि 70 पर्यटक बर्फबारी में फंसे थे। कहा कि सुरक्षित रेस्कयू कर लिया गया है।