कुल्लू, 22 जनवरी : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कुल्लू जिला के प्रवास को लेकर मनाली पहुंच गए हैं। वह सुबह शिमला से मनाली स्थित सासे हेलीपैड पहुंचे। उसके बाद उनका काफ़िला दशाल गांव की ओर बढ़ा। जहां पूर्व विधायक चंद्रसेन ठाकुर के निधन पर उनके परिजनों को सांत्वना दी। दशाल के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कुल्लू की ओर रवाना होंगे जहां जिला मुख्यालय कुल्लू में पूर्व सांसद महेश्वर सिंह के घर पर भी दस्तक देंगे। यहां पूर्व सांसद महेश्वर सिंह की माता ईना देवेश्वरी के निधन पर उन्हें भी ढंढस बंधाएंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का यहां अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने का कार्यक्रम भी है।
आपको बता दें कि पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश्वर सिंह की माता का देहांत हो गया था। रूपी राजघराने की राजमाता 91 वर्ष की थी और उन्होंने जिला मुख्यालय कुल्लू के सुलतानपुर स्थित रूपी पैलेस में अंतिम सांस ली। 91 वर्षीय राजमाता इनादेवेश्वरी ने अस्वस्थ होने के कारण बुधवार शाम पांच बजे अंतिम सांस ली। इनके निधन पर पूरे कुल्लू जिला में शोक छाया है।