शिमला, 21 जनवरी : ठियोग नगर परिषद में कांग्रेस ने 25 सालों के लंबे अंतराल के बाद नगर परिषद पर अपना कब्जा जमा लिया। जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा ने बताया कि नगर परिषद ठियोग में कुल 7 वार्डो में से 4 पर कांग्रेस व 3 पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की थी। भाजपा यहां अपना खाता भी नही खोल पाई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत होने के बाद से भाजपा यहां दवाब बना कर खरीदफरोख्त से नगर परिषद पर कब्जा जमाने के पूरे प्रयास में थी,पर कांग्रेस पार्षदों ने अपनी एकता के साथ उनके मनसूबे पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर स्वयं इस चुनाव पर अपनी नजर रखे हुए थे। उनके समक्ष भाजपा की पूरी रणनीति फेल हो गई और नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के विवेक थापर व उपाध्यक्ष पद पर रीना रॉय फिर से काबिज हो गये है।
उन्होंने कहा कि कुलदीप सिंह राठौर गुरूवार को सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ विजय जलूस में शामिल हुए। इस दौरान नव निर्वाचित पार्षद अनिल ग्रोवर,नीतू मेहता के अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस सचिव सुशांत कपरेट, ठियोग ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेद्र कवंर,संजय शर्मा,अनिता वर्मा,मदन शर्मा भी अन्यों के अतिरिक्त विशेष तौर पर उपस्थित थे।