ऊना, 21 जनवरी : ऊना नगर परिषद में इस बार भाजपा का कब्ज़ा रहा। वीरवार को नगर परिषद ऊना को नए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मिल गए है। वार्ड नंबर 8 से पार्षद पुष्पा देवी अध्यक्ष व वार्ड नंबर दो से पवन कपिला उपाध्यक्ष बने है। एसडीएम ऊना सुरेश जसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुए चुनाव मेें सर्वसम्मति से यह फैसला हुआ। चुनाव प्रक्रिया के बाद छठे वित्तयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के अगुवाई में नप अध्यक्ष पुष्पा देवी व उपाध्यक्ष पवन कपिला सहित भाजपा समर्थित सभी पार्षदों ने विजयी रैली निकाली। विजयी रैली बचत भवन ऊना से शुरू होकर ट्रैफिक लाइट चौक तक गई।
बता दें कि नगर परिषद ऊना में भाजपा समर्थित 7 उम्मीदवारों ने शहर निकाय चुनाव में विजय प्राप्त की थी। 18 जनवरी को एसडीएम ने बचत भवन ऊना में सभी पार्षदों को शपथ ग्रहण दिलवाई। साथ ही अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का फैसला करने की बात कही, लेकिन सहमति न बनने पर वीरवार को पुन: अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए सभी पार्षद पहुंचे। जहां पर अध्यक्ष पद के लिए वार्ड नंबर 10 से पार्षद उर्मिला ने पुष्पा देवी का नाम अध्यक्ष के लिए प्रपोज किया, जिस पर वार्ड नंबर 9 से पार्षद ममता कश्यप ने सहमति जताई। जिसके बाद पुष्पा देवी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
वहीं उपाध्यक्ष के लिए वार्ड नंबर छह से विनोद पुरी ने पवन कपिला का नाम प्रपोज किया। जिस पर वार्ड नंबर पांच से पार्षद जनकराज खजांची ने मोहर लगाई। कोई ओर नाम न आने के चलते पवन कपिला को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। एसडीएम सुरेश जसवाल ने कहा कि सर्वसम्मति से नगर परिषद ऊना का अध्यक्ष पुष्पा देवी व पवन कपिला को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
वहीँ नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी और उपाध्यक्ष पवन कपिला ने कहा कि उनका लक्ष्य शहर का विकास करवाना है। शहर में पार्किंग व सीवरेज की समस्या को हल करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।