शिमला, 20 जनवरी : हिमाचल प्रदेश आगामी 25 जनवरी को पूर्ण राज्यत्व दिवस का स्वर्ण जयंती समारोह मनाएगा। 25 जनवरी, 1971 को हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था। उसके बाद से हर साल यह समारोह धूमधाम से मनाया जाता है। इस बार राज्य स्तरीय समारोह राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस अवसर पर विशेष रूप से शामिल होंगे। समारोह के लिए तैयारियां पूरे जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को रिज मैदान पर पहुंचकर तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि 25 जनवरी को प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह को ऐतिहासिक रिज मैदान पर मनाया जाएगा। इस समारोह को कोविड नियमों को ध्यान में रखते हुए भव्य तरीके से मनाया जाएगा। समारोह में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी यात्रा के 50 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है, लिहाजा इन वर्षों में अलग-अलग क्षेत्रों में अपना विशेष योगदान देने वाले लोगों को याद किया जाएगा और आने वाले एक वर्ष तक 51 नए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस विशेष अवसर को शानदार तरीके से आयोजित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इस दौरान आम जनता और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।