शिमला, 19 जनवरी : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए सहयोग राशि दी है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और विश्व हिंदू परिषद की ओर से श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि जुटाने का अभियान शुरू किया गया है। जयराम ठाकुर ने मंगलवार को अपने निजी आवास पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान समिति को 2 लाख 11 हजार 111 रूपए की राशि भेंट की। मुख्यमंत्री की धर्म पत्नी डॉ. साधना ठाकुर ने भी 51 हजार राशि की निधि समर्पित की।
इस अवसर पर प्रेरणादायक क्षण रहा जब उनकी बेटी प्रिया ने भी अपनी इंटरर्नशिप की राशि से बचाकर 11 हजार की राशि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए भेंट की। इसके अलावा मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. शिशु भाई धर्मा ने अपने पिता जी के नाम से श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एक लाख एक सौ ग्यारह रुपए की राशि और उनकी पत्नी लता धर्मा ने भी इक्कीस हजार की राशि भेंट की।
विश्व हिन्दू परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रांत संगठन मंत्री नीरज दौनेरिया ने बताया कि 15 जनवरी से शुरू हुआ यह अभियान माघ-पूर्णिमा (27 फरवरी) तक चलेगा। इस सघन अभियान में कार्यकर्ता देश के चार लाख से अधिक गांवों के 11 करोड़ परिवारों से संपर्क कर उन्हें श्रीराम जन्मभूमि से सीधे जोड़कर रामत्व का प्रसार में लग गए है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता टोलियों में प्रदेश के 13 लाख परिवारों में 65 लाख लोगों से संपर्क शुरू हो गया है, जिसमें हर जाति, मत, भाषा के लोगों के सहयोग के साथ, श्रीराम मंदिर वास्तव में एक राष्ट्र मंदिर का रूप लेगा। श्रीराम जन्मभूमि में बनने वाले मंदिर की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि संपूर्ण मंदिर पत्थरों का है। प्रत्येक मंज़िल की ऊंचाई 20 फीट, लंबाई 360 फीट तथा चौड़ाई 235 फीट है। यह मंदिर परिसर 108 एकड़ भूमि पर निर्माण होने वाला है।