शिमला, 18 जनवरी : हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रहा शूष्क मौसम का दौर खत्म होगा और पहाड़ों पर एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर बिछेगी।
मौसम विभाग ने 23 जनवरी से मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 23 और 24 जनवरी को मैदानी इलाकों में बारिश और मध्यवर्ती व अधिक उंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान से शिमला, कुफरी, मनाली और डल्हौजी जैसे विख्यात पर्यटन स्थलों में सैलानियों को बर्फबारी की उम्मीद फिर जगी है। इन स्थलों में दिसंबर माह के आखिरी हफ्ते में बर्फबारी हुई थी।
मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि राज्य भर में 22 जनवरी तक मौसम के साफ रहने के आसार हैं। लेकिन 23 जनवरी से मौसम में परिवर्तन आएगा और हिमपात होगा। 24 जनवरी को भी राज्य भर में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हिमपात एवं मैदानी में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
उधर, सोमवार को राज्य के मैदानी क्षेत्रों में कई स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इससे जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि दिन भर धूप खिलने से शीतलहर का असर कुछ हद तक कम भी हुआ। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आई है।
राज्य के जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर का न्यूनतम तापमान अभी भी माइनस में है। लाहौल-स्पीति का केलंग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां रात का तापमान -4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान -1.4, सुंदरनगर में 0.9, सोलन व मनाली में 1.6, मंडी में 2, भुंतर में 2.1, डल्हौजी, चंबा, कुफरी व शिमला में क्रमशः 3.3, 3.5, 4.1 व 4.1 डिग्री, हमीरपुर में 4.8, बिलासपुर में 5, धर्मशाला में 5.4 और नाहन में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
…………