मंडी, 13 जनवरी : भारतीय जनता पार्टी जिला मंडी ने पंचायती राज चुनावों में अपने समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़नें वाले तीन पदाधिकारियों को दायित्व मुक्त कर संगठन के दायित्ववान कार्यकर्ताओं को अनुशासन हीनता पर स्पष्ट संदेश दे दिया है। जिलाध्यक्ष रणबीर सिंह ने मीडिया को जारी बयान में जानकारी देते हुए कहा कि बल्ह मंडल से कौशल्या देवी, द्रंग मंडल से सुनीता देवी व जोगिंद्र नगर मंडल से कमल को पार्टी के सभी दायित्वों से तुरंत प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है और अनुशासन इस दल की सबसे बड़ी विशेषता एवं पहचान है। जो भी भाजपा की इस पहचान को धूमिल करने का प्रयास करेगा भविष्य में उसे भी इस प्रकार की कार्यवाही के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन में रती भर अनुशासन हीनता स्वीकार्य नहीं है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अनुशासन की सीमा को पार करने पर ही इन तीनों पदाधिकारियों को दायित्व मुक्त किया गया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि आने वाले पंचायती राज चुनावों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित सभी उम्मीदवार बड़े अंतर से जीतेंगे और इसके लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता अपना योगदान दे रहें हैं।