हमीरपुर, 10 जनवरी : नगर निकाय व पंचायत के चुनावों में इस बार भी बुजुर्ग एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहे है। चुनाव चाहे विस के हो या पंचायत के हमेशा बुजुर्ग उत्साहित रहते है। उपमंडल भोरंज के गांव जाड़ बरड़ू के 109 वर्षीय वृद्ध खड़कू राम भी इस बार पंचायत चुनावों में मतदान करने के लिए उत्साहित हैं। खड़कू राम का जन्म वर्ष 1911 में हुआ है। इनके पुत्र बृज लाल शर्मा ने बताया कि पिता अभी भी तंदरुस्त हैं और खुद ही मतदान केंद्र तक जाने की हिम्मत रखते हैं। हर बार खुद ही मतदान केंद्र तक जाते हैं। आधार कार्ड पर भी जन्म वर्ष 1911 का है। बृज लाल ने कहा कि उनके पिता की उम्र सौ साल से पार है लेकिन वह आज भी घर के सारे काम करते हैं।
खड़कू राम जाड़ बरड़ू डाकघर कड़ोहता तहसील भोरंज जिला हमीरपुर के रहने वाले हैं। इनकी दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा सबसे छोटा है। खड़कू राम ने कहा कि वह इस बार पंचायत चुनावों में मतदान के लिए उत्साहित हैं। हालांकि, उन्हें मतदान केंद्र तक जाने के लिए सहारे की जरूरत नहीं है, वह पैदल जाकर ही मतदान केंद्र पहुंचते हैं।
109 साल के खडकू राम चाहते है कि अच्छी सरकार आए, इसलिए हम सबको अच्छी सरकार चुनने के लिए अपना योगदान (वोट) देना ही चाहिए। कानों से सुनाई तो कम दे रहा है, लेकिन आंखों से दूर से आ रहे लोगों को भी पहचान लेेते है। वह आगे बताते हैं कि मेरे समय में और आज के समय में बहुत बदलाव हो गया है। जब हम युवा थे उस समय हमारे गांव के बच्चें स्कूल पैदल जाया करते थे। रोज 5 से 6 किमी पैदल चल कर रोज स्कूल पहुंचते थे। पर अब वक्त बदल गया है। गांवो में शहर बस रहे है। इस बदलाव को भी हम सबकी भागीदारी के नज़रिया से ही देखना चाहिए। हम अपने मतों का इस्तेमाल करते हैं और हिमाचल की तरक्की हमें देखने को मिलती है। पहले चुनाव की प्रक्रिया बहुत अलग हुआ करते थी। लोग हाथों से बने झंडे लेकर गलियों में घूमते थे। अब प्रचार का तरीका भी बदल गया है।
नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड 6 के निवासी जगदीश चंद्र नगर परिषद के चुनावों में अपना वोट डालेंगे। 91 वर्ष के जगदीश चंद संभवतः सुजानपुर क्षेत्र के सबसे बुजुर्ग वोटर हैं। 91 वर्ष के होने के बावजूद जगदीश चंद्र किसी के मोहताज नहीं है तथा अपना कार्य खुद करते हैं । जगदीश चंद के अनुसार पहले के और अब तक के समय में बहुत फर्क आ गया है पहले लोग पढ़े-लिखे नहीं होते थे ,बेरोजगारी थी। उनके अनुसार अब तक हुए सभी संसद चुनाव, विधानसभा चुनाव और शहरी निकायों के चुनावों में वह अपना वोट डाल चुके हैं। उनके अनुसार वह अपना वोट शहरी निकाय चुनावों में उसी को देंगे जिस शहर के विकास के लिए कार्य करेगा तथा वार्ड वासियों के कार्य करेगा।
उन्होंने बताया कि उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का कार्यकाल भी देखा है। प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री वाईएस परमार का कार्यकाल भी देखा है। उनके अनुसार 91 साल के होने के बावजूद उनकी दिनचर्या वैसी ही है जैसी बरसों पहले थी। वे इसके लिए भगवान का शुक्रिया अदा करते हुए कहते हैं कि रोजाना सैर करते हैं, जिससे कि उनका शरीर फिट रहता है।