सुंदरनगर, 1 जनवरी : हिमाचल प्रदेश राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की किसान बचाओ पंचायती राज मजबूत बनाओ के नारे के साथ चली पद यात्रा शुक्रवार को मंडी जिला के सुंदरनगर पहुंची। यह रैली शिमला- बिलासपुर से मंडी होते हुए 8 जनवरी को धर्मशाला पहुंचेगी। पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक राठौर ने कहा कि पदाधिकारी पैदल यात्रा करते हुए धर्मशाला की तरफ बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा की 12 दिवसीय पद यात्रा के 5वें दिन बिलासपुर होते हुए पद यात्रा सुंदरनगर पहुंची।
पदयात्रा का समापन 8 जनवरी को धर्मशाला में होगा। केंद्र की मोदी सरकार अध्यादेश के जरिए किसान विरोधी काले कानून लाई है। इसका राजीव गांधी पंचायती राज संगठन विरोध करता है। राठौर ने कहा कि संबंधित कृषि क़ानूनों से किसानों और बागवानों का अहित होगा। यही कारण है कि देशभर में किसान कृषि क़ानूनों का विरोध कर रहे हैं। किसानों के समर्थन में शिमला से पद यात्रा शुरू की थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 3 कृषि कानून लाकर देश के बड़े उपयोग पतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। और देश की जमीन को भी बेचने की तैयारी की जा रही है। जो कांग्रेस किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी।