शिमला, 29 दिसम्बर : हिमाचल प्रदेश में शीतलहर से फिलहाल निजात नहीं मिलेगी। नए साल का आगाज़ इस बार साफ मौसम के साथ होगा। लेकिन ठंड का प्रकोप बरकरार रहेगा। आगामी 4 जनवरी से एक बार फिर से मौसम बिगड़ेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश में 4 जनवरी को बारिश व हिमपात का अनुमान लगाया है। विभाग के मुताबिक प्रदेश में 3 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस कारण इस बार राज्य में न्यू ईयर पर हिमपात नहीं होगा। साथ ही प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में कोहरा पडऩे व शीतलहर की चेतावनी भी दी है।
इस बीच रविवार रात को हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश के ऊंचे स्थानों पर अभी भी जनजीवन सामान्य नहीं हुआ है। ऊंचे क्षेत्रों के कई इलाके अभी भी संपर्क मार्ग से राज्य के अन्य हिस्सों से कटे हुए हैं। वहीं समुचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है तथा राज्य के 7 प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है।
उधर गत दिनों हुए हिमपात के बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि मंगलवार केा मौसम साफ था, लेकिन दिनभर ठंडी हवाएं चलती रही। प्रदेश में गत 24 घंटों के दौरान सबसे ठंडा लाहौल स्पिति का केलांग रहा। यहां पर न्यूनतम तापमान माइनस 10.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान भुंतर में -0.1 डिग्री सैल्सियस, कल्पा में -6, सोलन में -0.4, मनाली में – 2.6, डलहौजी में -2.9 तथा कुफरी में -0.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा राज्य के अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सैल्सियस से कम बना हुआ है। न्यूनतम तापमान शिमला में 1.6 डिग्री सैल्सियस, सुंदरनगर में 1.1, धर्मशाला में 1.4, ऊना में 1, पालमपुर में 1, मण्डी में 2.1, बिलासपुर में 3.5, हमीरपुर में 3.2 तथा च बा में 0.8 डिग्री सैलिसयस दर्ज किया गया।
राज्य में रविवार रात को बर्फबारी हुई थी। हालांकि सोमवार व मंगलवार केा प्रशासन ने बर्फबारी के कारण हुई सड़कों को खोलने का प्रयास किया, लेकिन अभी भी प्रदेश की सभी सड़कों को बहाल नहीं किया जा सका है। राज्य के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में अभी भी कई प्रमुख व संपर्क सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हैं। इस कारण लोगों को अपने गंतव्य की ओर जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मंगलवार को प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल स्पिति में हलका हिमपात भी हुआ।