शिमला 29 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण लगातार गहराता जा रहा है। सोमवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 54 हज़ार पार कर गया। वहीं मंगलवार सुबह होते-होते एक और दुखद खबर आ गई। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की पत्नी संतोष शैलजा (75) का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। उन्होंने आज तड़के चार बजे टांडा मेडिकल कॉलेज में आखिरी सांस ली। संतोष शैलजा को कोरोना से संक्रमित होने पर गत शुक्रवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया था। चिकित्सकों के मुताबिक उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
शांता कुमार सहित उनके परिवार के अन्य सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव हैं। संतोष शैलजा की पहचान एक लेखिका और अध्यापिका के तौर पर थी। आज पालमपुर में कोविड नियमों के तहत उनकी अंत्येष्टि की जाएगी।
इस बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संतोष शैलजा के अकस्मात निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक जताते हुए ट्विटर पर लिखा है कि यह समाचार अत्यंत दुखी करने वाला है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शान्ति एवं शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।