शिमला, 28 दिसंबर: कोविड काल में मास्क न पहनकर घरों से बाहर निकलने वालों के खिलाफ हिमाचल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रदेश भर में अब तक 42 हजार से अधिक लोगों के मास्क न पहनने पर चालान किए हैं। उल्लंघनकर्ताओं से 2.15 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला गया है।
प्रदेश पुलिस मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऊना में सबसे ज्यादा 8419 लोगों के चालान हुए, जबकि सबसे कम जन जातीय जिला लाहौल-स्पीति में सबसे कम 124 चालान हुए। वहीं जुर्माने की बात करें तो पुलिस ने कुल्लू जिला में सर्वाधिक 37.24 लाख जुर्माना चालान के तौर पर वसूला। वहीं लाहौल-स्पीति में 95 हजार जुर्माना राशि वसूली गई।
प्रवक्ता ने बताया कि बीबीएन में 2,613 चालान से 17.76 लाख का जुर्माना अर्जित किया गया। इसी तरह बिलासपुर में 1,578 चालान से 7.39 लाख, चंबा में 2,828 चालान से 15.46 लाख, हमीरपुर में 2,629 चालान से 8.48 लाख, कांगड़ा में 6,099 चालान से 18.65 लाख, किन्नौर में 822 चालान से 6.46 लाख, मंडी में 2,913 चालान से 19.28 लाख, शिमला में 3,979 चालान से 26.38 लाख, सिरमौर में 2,154 चालान से 13.02 लाख, सोलन से 2,605 चालान से 17.66 लाख रूपये वसूला गया।
प्रवक्ता ने बताया कि कोविड महमारी के दौरान नियम तोड़ने पर पुलिस ने 17 एफ़आईआर कर 55 चालान भी किए हैं और राज्य के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक समारोहों में 50 व्यक्तियों की निर्धारित सीमा के उल्लंघन के लिए 2 लाख रुपये से अधिक की वसूली की है।