शिमला, 26 दिसंबर : हिमाचल के पर्यटन स्थलों शिमला व मनाली में नए साल का स्वागत बर्फबारी के साथ नहीं होगा। मौसम विभाग ने अगले दो दिन राज्य में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। 29 दिसंबर तक पर्वतीय इलाकों में बर्फ गिरने के आसार हैं। लेकिन इसके बाद पूरे प्रदेश में मौसम खुल जाएगा और कहीं भी बारिश व बर्फबारी नहीं होगी।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि नए साल की पूर्व संध्या और पहले दिन शिमला सहित पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 30 दिसंबर से एक जनवरी तक प्रदेश भर में कहीं भी बारिश व बर्फ गिरने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि मैदानी भागों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा व मंडी जिलों में 29 व 30 दिसंबर को कोहरा छाने व शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मनमोहन सिंह ने कहा कि अगले दो-तीन दिन राज्य में मौसम खराब रहेगा। 27 व 28 दिसंबर को मैदानी भागों में गरज के साथ बारिश तथा पर्वतीय व उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमपात हो सकता है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान से राजधानी शिमला में नए साल का जश्न मनाने पहुंच रहे सैलानियों को मायूसी हाथ लगी है। शिमला में सैलानियों का भारी जमघट लगा है और तमाम होटल पहली जनवरी तक पैक हैं। राजधानी में इस बार क्रिसमस पर भी सैलानियो को बर्फबारी का दीदार नहीं हो पाया। पिछले एक हफते से राज्य में मौसम साफ बना हुआ है।
हालांकि राज्य में न्यनूतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है और इस वजह से रातें सर्द बनी हुई हैं। शुक्रवार की रात राज्य के छह शहरों का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलंग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान -11.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गाय। इसके अलावा कल्पा में -1 डिग्री, भुंतर व मंडी में -1 डिग्री, सुंदरनगर -0.6 डिग्री, -0.2 डिग्री, चंबा में 0.7 डिग्री, कांगड़ा में 1.5 डिग्री, बिलासपुर व ऊना उना में 2 डिग्री, हमीरपुर में 2.2 डिग्री, धर्मशाला में 2.4 डिग्री, कुफरी में 2.9 डिग्री, पालमपुर में 3 डिग्री, डल्हौजी में 6 डिग्री, शिमला में 7 डिग्री और नाहन में 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।