ऊना, 21 दिसंबर: जिला मुख्यालय के चंद्रलोक कॉलोनी में रहने वाली सोनिका वशिष्ठ ने फिटनेस मॉडलिंग में मिस हिमाचल का खिताब अपने नाम किया है। महज 1 वर्ष पूर्व इस क्षेत्र में कदम रखने वाली सोनिका ने बेहद कम समय में यह मुकाम हासिल कर अन्य युवतियों के लिए भी एक मिसाल कायम की है। सोनिका के पति नीतीश वशिष्ठ भी बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में खूब नाम कमा चुके हैं। पति की उपलब्धि से ही प्रेरित होकर सोनिका ने इस क्षेत्र में कदम रखा और उन्हीं के मार्गदर्शन में कठिन परिश्रम से महज 1 वर्ष के भीतर यह मुकाम हासिल कर लिया।
हाल ही में प्रदेश के सोलन में हुई प्रतियोगिता में सोनिका वशिष्ठ मिस हिमाचल इन फिटनेस मॉडलिंग चुनी गई। रविवार देर शाम घर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। जहां न सिर्फ उनके परिजनों, बल्कि चंद्रलोक कॉलोनी के समस्त बाशिंदों ने भी ढोल की थाप पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सोनिका वशिष्ठ कहती है कि परिश्रम से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। जीवन में परिश्रम का कोई भी विकल्प नहीं होता। महज 1 वर्ष पूर्व तक उन्होंने इस क्षेत्र में कदम रखने बारे सोचा भी नहीं था। वहीं पति के सहयोग, मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम से उन्होंने यह मुकाम हासिल कर लिया। सोनिका वशिष्ठ का कहना है कि युवाओं को ऐसे क्षेत्रों में कदम रखकर नाम कमाना चाहिए।
वहीं इस क्षेत्र में आकर वह खुद ब खुद नशों से भी दूर हो जाएंगे। सोनिका वशिष्ठ का अगला लक्ष्य मिस पंजाब प्रतियोगिता के साथ ही मिस इंडिया प्रतियोगिता में भी जीत हासिल करने का है। सोनिका वशिष्ठ के पति नीतीश वशिष्ठ भी बॉडी बिल्डिंग की प्रतियोगिताओं में खासा नाम कमा चुके हैं। नीतीश वशिष्ठ 3 बार मिस्टर हिमाचल, कई बार मिस्टर पंजाब, मिस्टर इंडिया भी रह चुके हैं। इस क्षेत्र में कैरियर बनाने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए यह दंपति एक मिसाल बन कर उभरा है।